रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बाइक सवार दो हमलावरों ने गांव मोहनपुर गाडा में आबादी से सटे बाग में मोटर बाइंडिंग का काम करने वाले ग्रामीण पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उसे मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
रामपुर मनिहारान कोतवाली के गांव मोहनपुर गाडा में अमजद (32) अपनी ससुराल में रहता था। वह ससुराल पक्ष के आबादी से सटे बाग में बने कमरे में मोटर बाइंडिंग का काम करता था। शुकवार रात सवा दस बजे वह दो मजदूरों के साथ मोटर बाइंडिंग कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो लोग वहां पहुंचे और उन्होंने अमजद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता अमजद लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर गांव से लोग बाग की तरफ दौड़े। कुछ ही देर में अमजद के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजन और ग्रामीण उससे आनन फानन में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अमजद को चार गोलियां लगी थी, जिनमें से एक गोली उसके सीने के आर पार हो गई थी। हत्याकांड की सूचना के बाद कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस गांव पहुंची और लोगों से जानकारी ली। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटे तथा एक बेटी को छोड़ गया है। जिस तरह से बेखौफ हत्यारों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे गांव में दहशत का माहौल है।
उधर, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक भी जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्हे मृतक के परिजन शहजाद ने बताया कि अमजद की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेजा जा रहा है। मृतक के भाई शहजाद की तरफ से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।