देहात कोतवाली क्षेत्र के बेहट रोड स्थित साईं मंदिर के पास बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए।
शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित प्रेमनगर निवासी अंकुश कुमार किसी काम से बेहट रोड पर जा रहा है। साईं मंदिर के पास सामने से तेज रफ्तार पर आ रही बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। अंकुश ने मौके पर दम तोड़ दिया। दो युवक घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बेहट रोड की तरफ से आ रही बाइक पर सवार दोनों युवक नशे में थे। सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। साथ ही पंचनामा भरकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।