उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बेहट थानाक्षेत्र के पाड़ली गांव के पास बरसाती नदी की ढांग से चिकनी मिट्टी खोद कर निकाल रही दो महिलाओं के ऊपर ढांग गिर गई। उन्हें राह चलते लोगों ने मिट्टी से बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें मिर्जापुर स्थित ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार की सुबह 9 बजे हुआ। गांव मिर्जापुर निवासी रेखा (40) पत्नी लिल्लू व परवीन (30) पत्नी साजिद गांव के अन्य महिलाओं के साथ गांव पाड़ली के पास बरसाती नदी से घर के लिए चिकनी मिट्टी लेने गई थी।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: सास और पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया, सास की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
ढांग से मिट्टी खोदने के दौरान रेखा व परवीन के ऊपर मिट्टी की ढांग गिर गई और दोनों मलबे में दब गई। साथ में कई महिलाओं ने मदद के लिए शोर मचाया, तो रास्ते से गुजर रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों को मिट्टी से बाहर निकाला।
इसके बाद सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को घायल हालत में मिर्जापुर स्थित ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में ले जाकर भर्ती कराया है।