- करीब 10 करोड़ से लागत से सहारनपुर रेलवे स्टेशन का हो रहा नवीनीकरण
- 30 फीसदी तक काम हो चुका पूरा, जनवरी के आखिर तक है काम पूरा करने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ए श्रेणी का रेलवे स्टेशन अगले साल नए स्वरूप में नजर आएगा। 10 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को संवारा जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर अब तक अमृत भारत योजना के तहत 30 फीसदी काम को पूरा कर लिया गया है। खास बात यह है कि नई जगह से रेलवे स्टेशन जाने का रास्ता बनाया जा रहा है।
सहारनपुर का रेलवे स्टेशन ए श्रेणी का है। अप-डाउन में 153 ट्रेनें गुजरती हैं, जो मुंबई, कोलकाता, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड आदि राज्यों को जाती है। दो लाख से अधिक यात्री ट्रेनों में सफर करते हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले, इसको लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की घोषणा पूर्व में हो चुकी है। इसके साथ ही अमृत भारत योजना में भी सहारनपुर का नाम शामिल किया गया।
इस योजना के तहत स्टेशन को नया स्वरूप दिया जा रहा। प्लेटफार्म नंबर चार पर वेटिंग हॉल, वेटिंग रूम की मरम्मत कर नए बन रहे हैं। इसके अलावा सीनियर सेक्शन इंजीनियर वर्क्स कार्यालय की तरफ से रेलवे स्टेशन आने का नया रास्ता बनाया जा रहा है। अगले साल से इसी रास्ते से रेलवे स्टेशन में प्रवेश मिलेगा। यह रास्ता सीधे स्टेशन के मुख्य गेट पर आएगा। इसके अलावा आरक्षण केंद्र के बाहर सड़क बनाई जा रही है, जो गुरुद्वारा रोड से जुड़ेंगी। प्लेटफार्म नंबर तीन के पास वेटिंग एरिया में पत्थर की ग्रेनाइट लगाई गई है। इतने सारे काम होने से यात्रियों को नए साल में बेहतर सुविधा मिलेगी।
वर्जन
पिछले दिनों उनके द्वारा सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया था। रेलवे स्टेशन पर जो काम चल रहा है वह 30 फीसदी तक पूरा हो गया है। अगले साल सहारनपुर के लोगों स्टेशन का स्वरूप बदला नजर आएगा। यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। - मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, अंबाला मंडल