पहाड़ों पर हो रही बारिश के बाद अचानक यमुना नदी में पानी छोड़े जाने पर यमुना नदी उफान पर आ गई। अचानक आए पानी से यमुना के किनारे खड़ी आठ नाव बह गईं, साथ ही अस्थाई पुल भी बह गया। दो ग्राम पंचायतों से संपर्क टूट गया है।
पहाड़ों पर दो दिन से हो रही बारिश के बाद सहारनपुर में यमुना में सुबह सवरे पानी छोड़ दिया गया। अचानक आये पानी से चिलकाना के आसपास के गांवों के लोगों में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
फिलहाल दो ग्राम पंचायतों का जनपद से संपर्क कट गया है। यमुना नदी में बनाया गया अस्थायी पुल भी ज्यादा पानी आने के कारण टूट गया है। ग्रामीणों का यमुना को पार करने का एक मात्र सहारा नाव है। जो नाव यमुना के किनारे पड़ी थी, उनमें से आठ नाव पानी ज्यादा होने के कारण बह गई हैं। नदी में नाव के न लगने से लोगों को नदी पार करने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
यमुना नदी में अचानक ज्यादा पानी छोड़े जाने की सूचना ग्रामीणों तक न पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। यदि समय रहते जिला प्रशासन द्वारा नदी में पानी छोड़े जाने की सूचना मिल जाती, तो स्थानीय लोग अपने बचाव के लिए कुछ कर सकते थे।