करीब एक सप्ताह से लापता चल रहे गंगोह के सांगाठेड़ा के युवक-युवती को पुलिस ने तलाश कर लिया है। युवती को नारी निकेतन भेजकर आरोपी आजम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। इसके साथ ही एक सप्ताह से परेशान रही पुलिस ने राहत की सांस ली है। तनाव को देखते हुए सांगाठेड़ा में पुलिस तैनात है।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। सोमवार को दोनों को तलाश कर लिया गया। युवती को मेडिकल सहित कानूनी प्रक्रिया पूरी कराकर नारी निकेतन भेजा गया। वहीं युवक को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बता दें, कि यह मामला पिछले मंगलवार को एक मुस्लिम युवक के साथ हिंदू युवती के घर से चले जाने के बाद सुर्खियों में आया था। इसे लेकर गांव में कई बार पंचायतें और धरना-प्रदर्शन हुए। पांच दिन तक युवती के न मिलने पर मामले ने और तूल पकड़ लिया और प्रदेश स्तर तक चर्चाओं में आ गया था।
अब दोनों के मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी रहेगी। पुलिस आजम को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। डीजीपी ने पुलिस टीम को 50 हजार इनाम की घोषणा की है।
ये भी देखें...
Saharanpur: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड का सेफ्टी ऑडिट पूरा, इतनी होगी कार की अधिकतम गति सीमा