उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चिलकाना थानाक्षेत्र में बिजली के गिरे खंभों को ठीक कराने पहुंचा जेई बाढ़ के पानी में बह गया। तलाश कराने पर भी जेई का कोई सुराग नहीं लगा। तकरीबन एक सप्ताह बाद जेई का शव यमुना नदी के आबर गांव के घाट से बरामद हो गया है। जेई प्रमोद कुमार लखनऊ निवासी थे।
जानकारी के अनुसार पठेड़ बिजली घर से संबंधित गांव सोंधेबास तथा गाजदीनपुर में बिजली चिलकाना क्षेत्र से पहुंचती है। पिछले सप्ताह यमुना में आई बाढ़ से नदी में खड़े पांच खंभे गिर गए थे। एक सप्ताह से यमुनापार के दोनों गांव में विद्युत आपूर्ति बंद थी। विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के लिए सलेमपुर बिजलीघर से संबंधित अवर अभियंता प्रमोद कुमार विभागीय टीम के साथ नदी में पहुंचे थे।