भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी का ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने हरिद्वार में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही गिल कॉलोनी स्थित आवास पर समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों की भीड़ लग गई।
सितंबर 2023 में पार्टी द्वारा पुनीत त्यागी भाजपा महानगर अध्यक्ष बनाए गए थे। वह इस पद पर करीब 13 महीने तक रहे। उन्होंने अक्तूबर 2024 में अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। वह पार्टी में पिछले 29 साल से अधिक समय तक रहे। युवा अवस्था में वर्ष 1993 में वह भाजयुमो के सेक्टर अध्यक्ष बनाए गए।
1996 में भाजयुमो के नगर कार्यकारिणी सदस्य, 1998 में भाजयुमो में नगर मंत्री और 2004 में नगर अध्यक्ष बने। इसी तरह आगे बढ़ते हुए 2008 में भाजपा महानगर में 2011 से अब तक लगातार उपाध्यक्ष के पद पर रहे। पुनीत त्यागी आईटीसी में कार्यरत थे।
उनके परिजनों ने थाना सदर बाजार में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। तहरीर में परिजनों ने बताया था कि वह 29 जनवरी को आईटीसी जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। काफी तलाश के बाद भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही। पुनीत त्यागी ने विवादों के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था।