आग बुझाने के दौरान मशीन से धुआं निकालती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में कोर्ट रोड पर गिल कॉलोनी स्थित माया प्लाजा की प्रथम मंजिल पर बृहस्पतिवार रात लकड़ी के पैकेजिंग गोदाम में आग लग गई। आग से पैकेजिंग सामग्री सहित अन्य सामान जल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने दो गाड़ियों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोर्ट रोड पर गिल कॉलोनी स्थित माया प्लाजा में प्रथम मंजिल पर बाल मुकुंद राय जायसवाल का लकड़ी की पैकेजिंग का गोदाम है। बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि गोदाम में आग लग गई है। अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने फायर स्टेशन अंबाला रोड और राकेश केमिकल चौकी पर कांवड़ ड्यूटी में तैनात फायर टैंकरों को मौके पर भेजा।
दमकल कर्मियों ने पहुंचकर देखा कि प्रथम मंजिल पर गोदाम में आग लगी है। भवन में धुआं भी अधिक उठ रहा था। स्मोक एग्जॉस्टर के जरिये भवन से धुआं बाहर निकाला गया। इसके बाद लगातार पंपिंग से घंटों बाद आग पर काबू पाया गया। गोदाम में पैकेजिंग व गिफ्ट सामग्री, लकड़ी के फ्रेम और कंप्रेशर मशीन जल गई। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।