सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवालिक पहाड़ियों के बीच डाट काली मंदिर के समीप सड़क पर दौड़ रही टाटा सफारी कार में आग लग गई। कार सवारों ने किसी तरह कूद कर जान बचाई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई।
जानकारी के अनुसार देहरादून से कुछ युवक सहारनपुर की तरफ आ रहे थे। शनिवार की देर शाम जैसे ही वे यूपी की सीमा में डाट काली मंदिर से कुछ आगे पहुंचे तो कार के अगले हिस्से से धुंआ निकलने के साथ ही आग लग गई।
यह भी पढ़ें : Saharanpur: दारुल उलूम के समर्थन में उलमा, बोले-पाठ्यक्रम में शामिल नहीं पुस्तक बहीश्ती जेवर, इल्जाम गलत
कार सवारों ने आनन फानन में कार रोकी और नीचे उतरे। जब तक वे कुछ समझ पाते कार से लपटें उठने लगी और वो देखते ही देखते आग का गोला बन गई।
थोड़ी ही देर में कार आग से जल कर कबाड़ में तब्दील हो गई। इस दौरान काफी देर के लिए दून हाईवे पर आवागमन भी बाधित रहा। इसके बाद कार सवार दूसरे वाहन से अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि मोहंड पुलिस चौकी से कार में आग लगने की सूचना पर पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया है।