सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित चुनहेटी फाटक की रेलवे लाइन पर मरम्मत का कार्य होने के चलते सहारनपुर-दिल्ली मार्ग शनिवार से 24 घंटे के लिए बंद रहेगा। इसको लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया है। जिससे लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
रेलवे विभाग शामली की ओर से शनिवार सुबह चार बजे से रविवार सुबह चार बजे तक रेलवे लाइन चुनहेटी फाटक पर मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जिसके चलते सहारनपुर-शामली-दिल्ली मार्ग पर यातायात का आवागमन उक्त अवधि में पूर्णत: बंद रहेगा। इसको लेकर शामली, रामपुर मनिहारान की ओर से सहारनपुर आने वाले एवं सहारनपुर की ओर से रामपुर मनिहारान व शामली की ओर जाने वाली सभी वाहनों का रूट बदल दिए गए हैं।
इस प्रकार चलेंगे वाहन
-शामली की ओर से आने वाले सभी प्रकार के वाहन जिन्हें सहारनपुर शहर की ओर जाना है, वह चुनहेटी बाईपास से लाखनौर बाईपास कट से टपरी के रास्ते होकर जाएंगे।
-सहारनपुर शहर की ओर से शामली, रामपुर मनिहारान की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन हसनपुर चौक से सर्किट हाउस से मानकमऊ से कुम्हारहेड़ा बाईपास से होकर चुनहेटी बाईपास कट के रास्ते जाएंगे।