गैंगस्टर आरोपी की 40 लाख की संपत्ति कुर्क
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जिले के थाना कुतुबशेर पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर आरोपी की 40 लाख की संपत्ति कुर्क की। पुलिस टीम ने एक प्लाट और सामान जब्त किया। इसके साथ ही ढोल बजाकर मुनादी कराई।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चंद्र विहार कॉलोनी निवासी अशोक कुमार गिरोह बंद अपराधी है। इसके खिलाफ शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं। आरोपी ने अवैध क्रियाकलापों से संपत्ति अर्जित की है। मंगलवार की शाम थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ चंद्र विहार कॉलोनी में आरोपी का 200 गज का प्लाट जब्त कर सरकारी बोर्ड लगाया।
इसके साथ ही एक मोटरसाईकिल सहित कुछ घरेलू सामान भी जब्त किया है। प्लाट और सामान कीमत करीब 40 लाख है। इसके साथ ही पुलिस ने ढोल बजवाकर मुनादी भी कराई। कुछ दिन पूर्व कुर्की के लिए आरोपी की संपत्ति पर नोटिस भी चस्पा किया गया था। पुलिस टीम करीब एक घंटा कार्रवाई करने के बाद लौट गई।