सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जन सुनवाई में वार्ड 22 के आनंदपुरी के लोग पांवधोई नदी की सफाई की मांग लेकर पहुंचे। इस पर नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने रोस्टर बनाकर पांवधोई नदी का सफाई का अभियान चलाने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। जन सुनवाई में कुल 16 शिकायतें आई, जिनमें से तीन का तुरंत निस्तारण किया गया, जबकि शेष के निस्तारण लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
आनंदपुरी निवासी रुपक सेठ, वरुण शर्मा आदि ने नगरायुक्त को प्रार्थना पत्र देते हुए नदी की सफाई की मांग रखी। उन्होंने नगरायुक्त को बताया कि अग्रवाल धर्मशाला के सामने नदी की दीवार टूटी हुई है, जिसकी वजह से हादसे भी हो रहे हैं। दीवार को ठीक कराया जाए। नगरायुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी/सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम को रोस्टर बनाकर नदी की सफाई का अभियान चलाने के निर्देश दिए। अन्य कार्यों के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए। वार्ड 22 श्यामपुरी निवासी विक्रम सिंह ने सड़कों व नालियों की सफाई कराने तथा वार्ड संख्या छह बाग वाली गली निवासी शमशेर ने नाली की साफ सफाई कराने की मांग की।
वार्ड दो मल्हीपुर रोड निवासी प्रमोद मित्तल ने भी वार्ड में अपने क्षेत्र की सड़कों की साफ सफाई कराने काे प्रार्थना पत्र दिया। इसी वार्ड के उज्ज्वल नगर निवासी राजेंद्र कुमार ने कॉलोनी में पानी की पाइप लाइन डलवाने की मांग की। वार्ड 67 आजाद कॉलोनी निवासी जीशान, वार्ड 11 की पैरामाउंट निवासी मयंक शर्मा तथा वार्ड 10 की रूप विहार निवासी बलबीर सिंह ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एसके तिवारी, मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
अमर उजाला भी उठा चुका है मुद्दा
पांवधोई नदी के दूषित होने की समस्या को अमर उजाला लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है। हाल ही में अमर उजाला ने बाबा तेरी गंगा मैली हो गई नालों का कचरा ढोते ढोते शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसके बाद स्थानीय लोग भी नदी की सफाई को लेकर सक्रिय हुए हैं। जिनमें से कुछ लोग मंगलवार को नगर निगम भी पहुंचे।