बिहारीगढ़/छुटमलपुर (सहारनपुर)। दून हाईवे पर मनोहरपुर सत्संग भवन के सामने बाइक को बचाने के प्रयास में डीसीएम चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उसके पीछे चल रही रोडवेज बस उससे जा टकराई। दुर्घटना में बस चालक सहित 12 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को फतेहपुर सीएचसी से गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। उत्तराखंड परिवहन निगम की मिनी बस देहरादून से करीब 24 सवारी लेकर रुड़की जा रही थी। मनोहरपुर के निकट सत्संग भवन के सामने आगे चल रहे डीसीएम ने बाइक सवार को बचाने के लिए अचानक जोर से ब्रेक लगा दिए, जिससे बस उसमें जा भिड़ी। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलाें को आनन फानन में फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया।
दुर्घटना में घायल बस चालक राकेश कुमार निवासी सैनिक कालोनी रुड़की, परिचालक सुरेश, शमीम निवासी सिकरोडा, मुंतजीर निवासी गांव कालेवाला, परवीन, शमशाना, मुशर्रफ, आरम निवासीगण माधोपुर रुडकी, शबाना, खुशमीर निवासीगण कालेवाला, राशिद निवासी संसारपुर और आमिर का फतेहपुर सीएचसी पर प्राथमिक उपचार किया गया। यहां से मुंतजीर, राकेश और आमिर को गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बस दुर्घटना में घायल यात्री
बस दुर्घटना में घायल यात्री
बस दुर्घटना में घायल यात्री