सहारनपुर। महानगर में बस अड्डा नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। बसों का संचालन करने के लिए रोडवेज ने जगह मांगी है। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिवहन निगम मुख्यालय को पत्र लिखा है।
रेलवे स्मार्ट रोड पर लगी बसों की कतार पर नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने नाराजगी जताई थी और उन्होंने रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को बुलाकर स्पष्ट कहा था कि सड़कों पर बसें खड़ी नहीं होनी चाहिए। बसें सड़कों पर खड़े होने से स्मार्ट रोड के कार्य में बाधा बनती है। साथ ही आवागमन भी प्रभावित होता है।
इसके बाद बुधवार को रोडवेज के प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज बशीर ने परिवहन निगम मुख्यालय के प्रबंध निदेशक को पत्र लिख दिया है। जिसमें कहा गया कि बसों की संख्या बढ़ रही है और सहारनपुर में अभी तक बस अड्डा नहीं है। बसें अलग-अलग जगहों से संचालित हो रही हैं।
बसों का संचालन करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था हो जाए तो कुछ हद तक समाधान हो जाएगा। स्मार्ट रोड पर बसें खड़ी हुई तो नगर निगम कार्रवाई करेगा। चालकों को भी चालान कटने का डर रहता है।