सहारनपुर। गन्ना विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र के संपर्क मार्गों को गड्ढा मुक्त कराने की कवायद शुरू कर दी है। इसके पहले चरण में जनपद की 33 सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। शासन ने इसके लिए 8.10 करोड़ रुपये जारी किए हैं। फरवरी मध्य तक इन सड़कों पर कार्य शुरू होने की संभावना है।
गन्ना विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाता है। जिससे किसान गन्ने को शुगर मिलों या क्रय केंद्रों पर लाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अंतर ग्रामीण सड़क निर्माण जिला योजना के तहत गन्ना विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण कराता है। इन सड़कों के निर्माण के बजट में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी सरकार की और 20 फीसदी संबंधित गन्ना विकास परिषद की रहती है। गन्ना विभाग की ओर से इस योजना के तहत 221 से अधिक संपर्क मार्ग बनवाए जा चुके हैं। गन्ना विभाग जनपद की 33 सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने की कवायद में जुट गया है। शासन ने गड्ढा मुक्त के लिए 8.10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। जल्द ही इसके टेंडर कर गड्ढा मुक्त का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले गन्ना विभाग की सड़कों की गड्ढा मुक्त वर्ष 2017-18 में हुई थी।
ये हैं प्रमुख मार्ग
गड्ढा मुक्त होने वाले प्रमुख मार्गों में भावसी से पूजना मार्ग, याहियापुर संपर्क मार्ग, नानौता से खुडाना मार्ग, बड़गांव से दल्हेड़ी मार्ग, जानखेड़ा से जवासाखेड़ा मार्ग, टिडौली से ढायकी मार्ग, बहादरपुर से रणदेई मार्ग, जगहैता से बांदूखेड़ी मार्ग, मिरगपुर से मानकी मार्ग, दीवालहेड़ी संपर्क मार्ग, सीडकी से झबरेड़ा मार्ग, हलवाना से हाजीपुर मार्ग, जजनेर से बुड्ढाखेड़ा मार्ग, नवाडा से काजीबांस मार्ग, अगवानहेड़ा से झबीरण मार्ग आदि शामिल हैं।
शासन ने सड़कों की गड्ढा मुक्त के लिए 8.10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस धनराशि से 33 सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर मांगे गए हैं। इसके बाद गड्ढा मुक्त कर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - डॉ. आरडी द्विवेदी, जिला गन्ना अधिकारी।