सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि अवशेष राजस्व कार्य एक पखवाड़े के अंदर पूरे किए जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न राजस्व कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि अवशेष रियल टाइम खतौनी जल्द तैयार की जाएं। उन्होंने स्वामित्व योजना, रियल टाइम खतौनी तैयार हो चुके ग्रामों में अवशेष गाटों में अंश निर्धारण करने, अविवादित वरासत के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, ई-परवाना, अमलदरामद,, बैंक बंधक एवं बैंक मुक्ति प्रार्थना पत्रों का निस्तारण के मामलों की समीक्षा की, साथ ही 1430 व 1431 फसली की ऑनलाइन खसरा पड़ताल पूर्ण कराए जाने, वर्ष 1431 फसली में जायद फसल के अंतर्गत डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण आदि की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व कार्यों को 15 दिन के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार, सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार, नायब तहससीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल मौजूद रहे।