गंगोह (सहारनपुर)। गांव सांगाठेड़ा में पांच जुलाई को दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के मामले में दोनो पक्षों की ओर से आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें दोनों पक्षों के दंपती सहित सात लोग घायल हुए थे।
गांव सांगाठेड़ा निवासी मतलूब ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके भाइयों से उसका जमीन का विवाद चल रहा है। पांच जुलाई की शाम जब वह मजदूरी करके घर लौटा तो उसने देखा कि उसका भाई अख्तर, उसकी पत्नी नसीमा, छोटा भाई जमशैद और भतीजा सादिक उसके घर में घुसे हुए थे और उसकी पत्नी रूखसाना, बेटी फरहाना और पुत्र कादिर के साथ मारपीट कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की जिसमें उसकी पसली टूट गई। चीख पुकार सुनकर लोगों को आता देख आरोपी धमकियां देते हुए भाग गए। बताया कि गंभीर रूप से घायल पति पत्नी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
दूसरे पक्ष की ओर से शाहरूक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में उसने बताया कि मतलूब अपने पुत्र तनवीर, कादिर एवं कैराना के गांव खेड़ी निवासी मुस्तकीम के साथ उसके घर में घुस आया था। आरोपी उन पर धोखाधड़ी से जमीन अपने नाम कराने का मुकदमा दर्ज कराने और बार बार कहने के बावजूद मुकदमा वापस ना लेने की बात कहते हुए धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी मां नसीमा, चाचा जमशेद और दादा फैयाज को लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।