सरसावा। रविवार देर शाम क्षेत्र के ग्राम समसपुर में मुस्लिम तथा अनुसूचित जाति के बीच डीजे बजाने को लेकर हुए पथराव तथा संघर्ष में पुलिस ने अनुसूचित जाति पक्ष की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीन को गिरफ्तार कर चालान किया है।
बता दें कि शाहजहांपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम समसपुर में शनिवार देर शाम अनुसूचित बिरादरी के एक परिवार में सगाई के उपरांत डीजे बजाया जा रहा था। बताया जाता है कि आवाज को लेकर अनुसूचित जाति के लोगों के घरों पर कुछ मुस्लिम युवकों ने पथराव कर दिया। पथराव की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार मामला शांत कराया तथा घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया। ग्राम समसपुर के रविंद्र पुत्र जसवीर ने गांव के अहसान, हसनैन, महकार, शहजाद, शौकीन, इस्तकार, इकरार, उस्मान, जुल्ला, फैजान, फुरकान, फरमान, तालिब के विरुद्ध नामजद तहरीर देते हुए मारपीट, पत्थरबाजी करने लोहे की रॉड से हमला करने तथा कुंडल एवं अंगूठी लूटने तथा छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए थे। तहरीर में रविंद्र द्वारा बताया गया कि पथराव में ब्रजमती, मुन्नी, रवि, विक्रम, मिंटू, रविंद्र आदि घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने रविंद्र की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए 13 आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नकुड़ सीपी शर्मा ने कहा कि समसपुर प्रकरण में गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है। आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।