अंबेहटा। टिडौली गांव में शुक्रवार की देर रात एक धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ कर रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार देर रात शराफत ने सड़क किनारे बने धार्मिक स्थल पर कुछ युवकों को तोड़फोड़ करते देखा। विरोध करने पर तोड़फोड़ करने वाले युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की। शराफत ने इसकी सूचना गांव में दी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अंकित निवासी रन्ढेडी, चिंकू व गौरव निवासी गांव जैनपुर को घेरकर पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस तीनों युवकों को पुलिस चौकी ले आई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पुलिस चौकी पहुंचे। युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर नारेबाजी भी की।
कोतवाल धर्मेंद्र गौतम, चेयरपर्सन रेशमा के पति नईम अहमद, कांग्रेस नेता अब्दुल कादिर, सपा नेता शादाब दिलशाद, सभासद दानिश शफीक, शमीम अंसारी आदि लोगों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। युवकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों को लौट गए। सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि पुलिस ने धार्मिक स्थल पर की गई तोड़फोड़ को ठीक करा दिया है। ग्रामीण शराफत की तहरीर पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।