सहारनपुर। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले जीआरपी के सिपाही के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बिजनौर के नजीबाबाद में तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पीडिता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की थी।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली युवती एक निजी अस्पताल में नौकरी करती है। युवती ने एसएसपी से शनिवार को मामले की शिकायत की थी। युवती ने बताया कि पिछले दिनों सहारनपुर से नजीबाबाद जाते समय रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात जीआरपी के सिपाही से हुई।
सिपाही सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी तैनाती नजीबाबाद बिजनौर में है। सिपाही ने उससे दोस्ती कर शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप लगाया कि एक दिन पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद सिपाही ने उसे ब्लैकमेल कर पैसा भी लिया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो पता चला कि सिपाही पहले से शादीशुदा है।
सीओ द्वितीय जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी सिपाही आजाद सिंह के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जीआरपी के उच्चाधिकारियों ने मामला संज्ञान में आने पर सिपाही को निलंबित कर दिया है।