देवबंद। पवित्र रमजान माह के चांद का दीदार हो गया है। बृहस्पतिवार को पहला रोजा होगा। रमजान माह आरंभ होने को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह है।
रमजान माह का चांद देखने के लिए देर शाम दारुल उलूम की रुइयते हिलाल कमेटी (चांद कमेटी) की बैठक का आयोजन मोहतमिम कार्यालय में हुआ। इसमें कमेटी के सदस्यों ने विभिन्न राज्यों से चांद दिखने की पुष्टि होने के बाद रमजान माह बृहस्पतिवार से आरंभ होने का एलान किया। संस्था के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी ने बताया कि कई प्रांतों से चांद दिखाई देने की शहादत (गवाही) मिलने के बाद एलान किया गया। पहला रोजा बृहस्पतिवार (आज) को होगा। बैठक में मुफ्ती राशिद आजमी, मुफ्ती महमूद बुलंदशहरी, मुफ्ती जैनुल इस्लाम, मुफ्ती मोहम्मदुल्लाह, मुफ्ती वकार, मुफ्ती रिहान आदि मौजूद रहे।