नानौता में जेसीबी मशीन लगाकर रास्ता ठीक करते कर्मचारी
नानौता/अंबेहटा/चिलकाना। पिछले तीन दिन से रुक रुक कर हो रही बारिश ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी प्रभावित किया है। कई मतदान केंद्रों पर पानी भरने से कीचड़ बन गया। बहुत सी जगहों पर मतदान केंद्रों के रास्ते भी खराब हो गए हैं। ऐसे में मतदाताओं को आने जाने में परेशानी उठानी पड़ सकती है। हालांकि अधिकारी भरे पानी को निकालने के साथ ही रास्तों को ठीक करने की कवायद में जुटे हैं।
नानौता के राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र के रास्ते पर तीन दिन से हो रही बारिश के कारण जल भराव व कीचड़ जमा हो गया। इससे बृहस्पतिवार को मतदान केंद्र पर मतदान करने जाने वाले मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं नगर पंचायत ईओ बृजेन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि मैदान पर पंपसेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है, साथ ही जेसीबी मशीन से रास्ते को ठीक कराया जा रहा है। अंबेहटा में भारी वर्षा के कारण गांधी इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पानी भर गया। इसके बाद आनन फानन में नगर पंचायत द्वारा पंपिंग सेट का इस्तेमाल कर पानी निकाला गया।
चिलकाना में नगर निकाय चुनाव के लिए डीटीएस डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते तीनों बूथों पर पानी भरा हुआ है। कॉलेज में जाने वाले दोनों रास्ते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं तथा बारिश के पानी से भरे होने के कारण बंद पड़े हैं। कॉलेज प्रबंधक मुंतजिर ने बताया कि प्रशासन को इस बारे में जानकारी दे दी थी। परंतु फिर भी काॅलेज के दोनों ही रास्तों का सुधार नहीं हो पाया है। उधर, इस बारे में एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव का कहना था कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया जा रहा है। सुबह तक व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त करा दी जाएंगी।