सहारनपुर। बारिश तीसरे दिन भी जारी रही। लगातार हो रही बारिश से शहर के कई क्षेत्रों और सड़कों पर जलभराव और कीचड़ बना हुआ है। इसके अलावा सड़कें जगह-जगह से टूट गई हैं, जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट है। न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को 48 एमएम बारिश दर्ज की गई।
जनपद में बुधवार से और महानगर में बृहस्पतिवार से बारिश हो रही है। शनिवार को सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी के बाद बारिश रुकी हुई थी, लेकिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शहर में बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कों पर कीचड़ और जलभराव बना हुआ है। अंबाला रोड, देहरादून रोड, कोर्ट रोड, पुल जोगियान से चौकी सराय मार्ग, रेंच का पुल और पुराने शहर में सीवर लाइन डालने की वजह से जहां जहां सड़कें खोदी गई हैं वहां जलभराव व कीचड़ रहा। लोहानी सराय की हालत सबसे खराब है, जहां पानी में कीचड़ घुलने से लोगों के लिए निकलना तक मुश्किल हो रहा है। दोपहर दो बजे के बाद से शाम तक बारिश रुकी हुई थी, लेकिन आसमान पूरी तरह बादलों से घिरा रहा। बारिश रविवार को भी जारी रहने का अनुमान है। तापमान में भी गिरावट रही।
चार साल का रिकॉर्ड टूटा
-सितंबर में अभी तक हुई 249 एमएम बारिश
सितंबर की बारिश ने बीते चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2018 में 219 एमएम बारिश हुई थी। उसके बाद के सालों में सितंबर में इतनी बारिश नहीं हुई। शुक्रवार तक सितंबर में 201 एमएम बारिश हुई थी, लेकिन शनिवार को 48 एमएम बारिश होने के बाद यह आंकड़ा 249 एमएम तक पहुंच गया। यानी 2018 के सितंबर से अधिक बारिश अभी तक हो चुकी है। बीते तीन दिन ही में 120 एमएम बारिश हुई है।
जगह जगह टूटे हैं सीवर के ढक्कन
बारिश और वाहनों के लगातार चलने की वजह से शहर में जगह-जगह सीवर के ढक्कन टूटे पड़े हैं। कई जगह जलभराव की वजह से टूटे ढक्कन नजर नहीं आ रहे हैं, जो हादसे की वजह बन सकते हैं। कुछ जगहों पर लोगों ने टूटे ढक्कन में लकड़ी आदि खड़ी की है, जिससे राहगीरों को पता चल जाए और हादसा न हो।
सहारनपुर में बरसात में अपने कार्य को जाते लोग- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में बरसात के चलते कीचड़ और गड़ढो में तब्दील किशनपुर नाला पटरी- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में बरसात के चलते कीचड़ में तब्दील हुआ अंसारी रोड- फोटो : SAHARANPUR
दिल्ली हाइवे पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के पास कीचड़ व गड्ढों के बीच निकलते वाहन- फोटो : SAHARANPUR