सहारनपुर-अंबाला के बीच टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने से बनी स्थिति
-11 ट्रेनें निरस्त, छह का बदला रूट, चार ट्रेनों को देरी से चलाया गया
-ट्रेनों के निरस्त होने से रेलवे स्टेशन पर परेशान रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भारी बारिश के चलते टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। इससे सहारनपुर-अंबाला के बीच ट्रेनों का संचालन ठप रहा। रेलवे ने 11 ट्रेनों को निरस्त किया, जबकि छह ट्रेनों के रूट बदल दिए गए। चार ट्रेनों को देरी से चलाने का निर्णय लिया। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दो दिन से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से बरसाती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अंबाला-दुखेड़ी के पास टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। हालात यह है कि ट्रैक नदी के पानी में डूब गया है। जैसे ही रेलवे अधिकारियों को ट्रैक डूबने की सूचना मिली तो अफरातफरी मच गई। पंजाब और हिमाचल की तरफ से आने वाली ट्रेनों के पहियों पर ब्रेक लग गया।
जनसेवा एक्सप्रेस को दो बार किया रद्द
बनमनखी से चलकर अमृतसर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशन पर दो बार रद्द किया गया। जनसेवा एक्सप्रेस जब रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसे यहीं रद्द कर दिया। इसके कुछ देर बाद उसे चलाने का अलाउंसमेंट कराया गया। आपाधापी में यात्री ट्रेन में चढ़ें। स्थिति यह रही कि थोड़ी देर में ही ट्रेन फुल हो गई। कुछ देर बाद फिर ट्रेन को रद्द करने का एनाउंसमेंट कराया। इससे यात्रियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
दोनों तरफ से गड़बड़ाया ट्रेनों का संचालन
सहारनपुर। रेलवे ट्रैक पानी में डूबने से ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरी एक्सप्रेस 15 घंटे, मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस तीन घंटे, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस तीन घंटे, नई दिल्ली-जालंधर सुपर एक्सप्रेस चार घंटे, जैसलमेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से सहारनपुर में पहुंची। इनके अलावा ऋषिकेश-श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस भी अपने तय समय से लेट आई। ये ट्रेनें सहारनपुर से होकर पंजाब की तरफ जाती हैं।
ये ट्रेनें की गई निरस्त
-14610 श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा-ऋषिकेश हेमकुंड एक्सप्रेस
-14632 अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस
-14606 जम्मूतवी-ऋषिकेश योगनगरी एक्सप्रेस
-14662 बाड़मेर-हरिद्वार एक्सप्रेस
-12208 जम्मूतवी-काठगोदाम गरीबरथ एक्सप्रेस
-14522 अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
-14682 जालंधर-नई दिल्ली सुपर एक्सप्रेस
-04502 ऊना हिमाचल-सहारनपुर एक्सप्रेस
-15012 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस
-04578 अंबाला-सहारनपुर एक्सप्रेस
-12232 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस
इनका बदला गया रूट
13308 फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलुज एक्सप्रेस वाया पानीपत निकाला गया
12904 अमृतसर-मुंबई सेंट्रल गोल्डल टेंपल एक्सप्रेस वाया पानीपत निकली
13006 अमृतसर-हावड़ा मेल वाया पानीपत निकाला
22432 उधमपुर-सूबेदारगंज एक्सप्रेस वाया धुरी निकाला गया
14674 अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस वाया अंबाला-पानीपत निकाला
18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस वाया लुधियाना, धुरी निकली
ये ट्रेनें लेट चलीं
-12356 जम्मूतवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस
-15212 अमृतसर-दरभंगा जन नायक एक्सप्रेस
-15904 चंडीगढ़-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस
-13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस
टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने से अंबाला में दुखेड़ी के पास रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। जिसके चलते एहतियातन ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा। कुछ ट्रेनें को सहारनपुर से न निकालकर अंबाला-पानीपत से भेजा गया। कई ट्रेनें देरी से चलाई गई। इससे यात्रियों को परेशानी हुई होगी।
मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, अंबाला