- मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर/देवबंद। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी फरार होने में कामयाब हो गया। आरोपियों के कब्जे से 17 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड रेलवे विभाग में गेटमैन है, जो अपने साढ़ू और उसके साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिलें चुराता था।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि कोतवाली देवबंद पुलिस ने शनिवार की रात्रि चेकिंग के दौरान अलीपुरा स्थित नहर की पटरी के पास शक होने पर मोटरसाइकिलों पर सवार पांच व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। जिन्होंने पुलिस को देख फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में राजेंद्र निवासी सुनहेटी खड़खड़ी थाना गागलहेड़ी, लाखन निवासी भावसी रायपुर थाना ननौता, छोटू उर्फ जितेंद्र निवासी सलेमपुर थाना नागल और सन्नी निवासी अमरपुरगढ़ी थाना देवबंद शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर सुल्तानपुर के पास सिंचाई विभाग के खंडहर से चोरी की 17 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। साथ ही इनके कब्जे दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने मोटरसाइकिलें वेस्ट यूपी, उत्तराखंड और हरियाणा राज्य के अलग अलग जनपदों से चोरी की थीं। गिरोह का मास्टरमाइंड राजेंद्र है, जो रेलवे विभाग में गेटमैन है।
- साढ़ू के साथ मिलकर गिरोह चलाता था राजेंद्र
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड राजेंद्र दूसरे बदमाश छोटू का साढ़ू है जो बाइक रिपेयरिंग का कार्य करता है। लाखन और सन्नी छोटू के दोस्त हैं। वह बाइकों को चोरी करके एक जगह इकट्ठा करते हैं और ग्राहक तलाश कर उन्हें अपने दामों में बेच देते थे।
- बैंक्वेट हॉल और होटलों के बाहर से चुराते थे वाहन
शादियों का सीजन चल रहा है। आरोपी बैंक्वेट हॉल और होटलों के बाहर वाहन चुराते थे। आरोपियों ने एक माह पहले ही गिरोह तैयार किया था। गिरोह के सदस्य वहां से बाइक चोरी करते थे। उन्हें यहां कोई खतरा भी नहीं होता था। चोरी कर वह आसानी से फरार हो जाते थे। पकड़ में न आए इसलिए बाइक चोरी करते ही उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे।