सहारनपुर में बिजली की चेकिंग करते विद्युत विभाग की टीम
सहारनपुर। महानगर में बिजली चोरी रोकने के लिए पीएसी को साथ लेकर विद्युत निगम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान 93 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। ये उपभोक्ता मीटर को टैंपर कर और सीधे केबल डालकर बिजली चोरी कर रहे थे।
बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता (शहरी) संजीव कुमार ने अधिशासी अभियंता अमित कुमार श्रीवास्तव, पीएसी और टीम को साथ लेकर बड़तला यादगार, मोहल्ला मुफ्ती, छिपीयान, अरबी मदरसा, गोटेशाह और खाताखेड़ी आदि क्षेत्रों में बिजली चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग में 40 उपभोक्ता ऐसे मिले, जो मीटर को टैंपर कर चोरी कर रहे थे। इनके अलावा 29 उपभोक्ता सीधे केबल डालकर और 23 उपभोक्ता घरेलू से वाणिज्यिक में बिजली का प्रयोग पकड़े गए। एक उपभोक्ता के यहां संयोजन पर स्थापित मीटर में रीडिंग संग्रह पाई गई। जो उपभोक्ता सीधे विद्युत चोरी तथा जिन उपभोक्ताओं के टैंपर मीटर पाए गए, उनके विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
देहात क्षेत्रों में भी चला अभियान
विद्युत लाइन लॉस को कम करने के लिए हाई लॉस फीडरों को चिह्नित किया गया है। बृहस्पतिवार को महानगर के अलावा बेहट, रामपुर मनिहारान, नकुड़, देवबंद में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें कुल 469 उपभोक्ता के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई।