शाकंभरी। विद्युत उपकेंद्र जसमौर से जुड़े गांव फतेहपुर की विद्युत आपूर्ति बेहट बिजलीघर से जोड़े जाने के विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की मांग थी की उनके गांव की बिजली आपूर्ति बेहट बिजलीघर से न जोड़ते हुए पूर्व की भांति यथावत रखी जाए।
बता दें कि गांव फतेहपुर कलां, जसमौर बस स्टैंड स्थित दुकानों, निजी एवं सरकारी ट्यूबवेलों, पोल्ट्री फार्मों की बिजली आपूर्ति विद्युत उपकेंद्र जसमौर के फतेहपुर कला फीडर से होती है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव की विद्युत आपूर्ति बिना किसी बाधा के चल रही है परंतु विद्युत विभाग अपनी मनमानी के चलते उनकी बिजली आपूर्ति विद्युत उपकेंद्र से जोड़ने पर तुला है। उनका कहना है कि विद्युत उपकेंद्र बेहट से आने वाली बिजली की लाइन गांव अब्दुल्लापुर, हीराहेड़ी आदि गावों के बीच से घने बागों के बीच में से एक होकर आ रही है। इस लाइन से उनके गांव के विद्युत आपूर्ति जुड़ने से रोजाना बाधित रहेगी और उसमें फाल्ट होता रहेगा।
इसके विरोध में ग्रामीण शनिवार की दुपहर 12 बजे जसमौर बस स्टैंड पर राजबाहे के किनारे धरने पर बैठ गए। शाम करीब साढे छह बजे एसडीओ ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को सोमवार को वार्ता के लिए अधिशासी अभियंता कार्यालय बुलाया। तब तक लाइन नहीं बदलने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
धरने पर बैठने वालों में संजय चौहान, भाकियू नेता सुरेश चौहान, रफल सिंह, पंकज चौहान, प्रदीप चौहान, फतेहपुर कला के ग्राम प्रधान रविंदर चौहान, पूर्व प्रधान भागूवाला संजय सैनी, विक्रम सिंह, अशोक आदि रहे।
उधर, एसडीओ प्रदीप यादव ने बताया कि जसमौर बिजलीघर अभी अधिभारित चल रहा है। इसके चलते इन गांवों को हटाकर विद्युत उपकेंद्र बेहट से जोड़ा जा रहा है। विद्युत आपूर्ति सुचारू रहेगी।