सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि वृद्धजन हमारी विरासत हैं। उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है।
कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने छुटमलपुर में स्थित आवासीय वृद्धाश्रम के प्रबंधन के बारे में जानकारी ली। साथ ही वहां रहने वाले संवासियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जाना। उन्होंने आश्रम में रहने वाले संवासियों का बेहतर ख्याल रखने,उनके स्वास्थ्य और खान-पान आदि की सुविधा समय पर देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी के सहयोग से विद्यालयों के बच्चों को आश्रम में विजिट कराएं। डीएम ने तहसील सदर में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के लिए सुलह अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। नियुक्ति होने तक तहसील बेहट के सुलह अधिकारी को सदर तहसील के वादों का निस्तारण करने के लिए नियुक्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर द्वितीय रविकान्त पाराशर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश चन्द्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना, आदि मौजूद रहे।