- पिछले साल नवंबर माह में हुई थी शादी
- चार माह की गर्भवती थी मृतका
गागलहेड़ी। चार माह की गर्भवती महिला संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव करमूखेड़ी शामली निवासी रिया (26) की शादी गत वर्ष नवंबर माह में सोना निवासी दीपक के साथ हुई थी। बुधवार की सुबह करीब दस बजे रिया अपने कमरे में संदिग्ध हालत में पंखे से लटकी मिली। परिजन उसे लेकर आनन फानन में हरोड़ा सीएचसी पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दीपक और रिया के बीच सुबह नौ बजे कुछ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दीपक घर से छुटमलपुर के लिए चला गया था। मृतका के पति दीपक ने बताया की वो चार माह की गर्भवती थी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनील नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस से पहले ही शव को परिजन लेकर हरोड़ा सीएचसी पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम पर भेज दिया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पति दीपक व जेठ पोपिन से पूछताछ की जा रही है।