सरसावा/नानौता। किसान सहकारी चीनी मिल सरसावा में प्रमोद राणा कुंडी तथा किसान सहकारी चीनी मिल नानौता में रविंद्र सिंह पुंडीर निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हो गए। इसके साथ ही एक पखवाड़े से चल रही डेलीगेट, संचालक तथा उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो गई।
किसान सहकारी चीनी मिल सरसावा के संचालकों के बीच आपसी सहमति के बाद निर्धारित समय तक केवल एक संचालक प्रमोद राणा कुंडी का नामांकन उपसभापति पद के लिए आया। इसके बाद उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया। नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने प्रमोद राणा कुंडी एवं सभी संचालकों जितेंद्र सैनी, संजय चौधरी, दिलीप सिंह, पुष्पेंद्र, बेबी रानी, सीता देवी, ईसम रामगोपाल, महावीर तथा नामित संचालक संदीप राणा का फूल माला पहना कर स्वागत किया।
इस दौरान पूर्व विधायक महिपाल सिंह माजरा, भाजपा नेता पवन सिंह राठौर, ओमकुमार सैनी, राकेश असदपुर, अमरीश राणा, सन्नी राणा ढिक्का, वीर सिंह चौधरी, आजाद सिंह आदि ने हर्ष जताया। नानौता किसान सहकारी चीनी मिल प्रबंध समिति के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह पुंडीर को सर्वसम्मति से निर्विरोध उप सभापति निर्वाचित घोषित किया गया। एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल होने के चलते निर्वाचन अधिकारी एसडीएम युवराज सिंह ने रविंद्र सिंह के नाम की घोषणा की।
क्षेत्रीय विधायक चौधरी कीरत सिंह ने रविंद्र सिंह का माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। मंडल अध्यक्ष मनोज राणा, डीसीडीएफ के पूर्व चेयरमैन कृष्ण कुमार पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष चौधरी सतपाल सिंह, अजीत सिंह राणा, चौधरी महिपाल सिंह, संचालक संजयवीर राणा, रॉबिन जैन, श्यामबीर राणा, प्रमोद राणा कुंआखेड़ा, वेदप्रकाश राणा आदि ने बधाई दी।
बता दें, यहां 11 संचालक पदों की प्रक्रिया में नौ संचालक निर्विरोध चुने गए। गांव भारी दीनदारपुर की एक सीट पर वोटिंग हुई जिसमें संजयवीर राणा ने अपने प्रतिद्वंद्वी अंकित राणा को 15 मतों से पराजित किया, जबकि निर्वाचन क्षेत्र कोलाखेड़ी से दाखिल दोनों प्रपत्रों में खामियों ने चलते उन्हें निरस्त कर दिया था। इससे यह पद रिक्त है।