सहारनपुर। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से पूरे जिले में हाहाकार मचा है। महानगर में दो से तीन और ग्रामीण इलाकों में सात से आठ घंटे बिजली कटौती हो रही है। अंधाधुंध बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। उनका आरोप है कि बिजली जाने के बाद अवर अभियंता फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझते।
महानगर में 24 घंटे, नगर क्षेत्र में 22 और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे आपूर्ति देेने का शेड्यूल है, लेकिन हालात इसके उलट हैं। इन दिनों जिले में बिजली कटौती ने लोगों का हाल बेहाल किया हुआ है। आलम यह है कि बिजली कब आए और कब चली जाए, कुछ पता नहीं है। कभी ओवरलोड के नाम पर दिनभर बिजली गुल रहती है तो कभी फाल्ट के नाम पर आपूर्ति ठप कर दी जाती है। महानगर में हुसैन बस्ती, मानकमऊ, हकीकत नगर, जैन बाग आदि उपकेंद्रों से संबंधित क्षेत्रों में बुरा हाल है।
बीती रात उत्तम विहार, शंकरपुरी, श्याम नगर, मोहित नगर आदि क्षेत्रों में दो से तीन घंटे बिजली गुल रही। वेद विहार, आवास विकास, अफसर कालोनी, नवीन नगर, वर्धमान कालोनी, हकीकत नगर, पंजाबी बाग आदि क्षेत्रों में आपूर्ति बेपटरी रही।
-
हाकिमपुरा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने पर भी नहीं सुधरी आपूर्ति
पिछले दिनों हाकिमपुरा बिजली उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाई गई थी। यहां पांच मेगावाट के ट्रांसफार्मर को हटाकर 10 मेगावाट का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। इसको रखने में पूरा दिन लगा था। इसके बाद भी इस उपकेंद्र से जुड़े ज्ञानागढ़, गोपालपुर, बिशनपुर, हाकिमपुरा, चकदेवली और हसनपुर में बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी। दिनभर बिजली गुल रहती है। शाम छह व सात बजे के बीच बिजली आती है। बिना बिजली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-
क्या बोले उपभोक्ता
बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। कई बार में दो से तीन घंटे तक कटौती हो रही है। बिजली जाने पर संबंधित उपकेंद्र के अवर अभियंता को फोन करते हैं तो रिसीव नहीं होता है।
अभिनव मित्तल, उत्तम विहार
बिजली कटौती खूब हो रही है। गर्मी में रात के समय अधिक कटौती की जा रही है। बिना बिजली के गर्मी में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन विद्युत निगम की तरफ से बिजली में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।
अनुराग यादव, गुरुद्वारा रोड
-
बिजली कब आए और कब जाए, कुछ पता नहीं चलता। गर्मी में परेशान हो रहे हैं। रात के समय अधिक कटौती की जा रही है। बहुत परेशानी होती है।
नितिन चौधरी, आवास विकास
-
वर्जन
मुख्यालय से बिजली आपूर्ति का शेड्यूल निर्धारित है। कई बार लोकल फाल्ट और ओवरलोड होने पर कटौती की जाती है। फाल्ट को दूर कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी जाती है।
एके आत्रेय, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम
-
रोशन गिरि