नागल। गांव जैनपुर में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे पर ग्रामीणों का किसान सेना के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। किसान सेना के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर चौधरी ने कहा कि हिंडन नदी के पानी की निकासी के लिए गांव के लोग अंडरपास के चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर छह दिन पूर्व ग्रामीणों ने धरना दिया था। उस वक्त एसडीएम देवबंद दीपक कुमार ने चार दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया था। समस्या का समाधान नहीं होता देख किसानों ने रविवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक समस्या का हल नहीं होता तब तक उनका धरना चलता रहेगा। इस दौरान मुख्य रूप से प्रवीण सिंह, वेदपाल सिंह, चौधरी नकली सिंह, ओम सिंह, बाबूराम आदि मौजूद रहे।