सहारनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कई सुझाव दिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण कर सुझावों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया गया है। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 22 अगस्त को सभी राजनीतिक दलों, सांसद एवं विधानसभा सदस्यों को उपलब्ध कराई गई थी। इसमें 29 अगस्त तक आपत्ति एवं सुझाव संबंधित उप जिलाधिकारी/तहसीलदार या जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। नगर विधायक राजीव गुंबर ने मतदेय स्थल संख्या-399 व 400 सतयुग आश्रम मॉडल इंटर कॉलेज से गुरु अमर देव पब्लिक स्कूल नाला पटरी कृष्णपुरा में परिवर्तित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बूथ संख्या 168, 169, 170, 171, 172, 173, बृजभूषण हाई सेकेंड्री स्कूल को खेमका सेवा सदन मिशन कंपाउंड में ही रखने का भी सुझाव दिया।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद आजम शाह ने सहारनपुर नगर विधान सभा के बूथ संख्या 336, 337, 338 आशा मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल से राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट में ही रहने हेतु सुझाव दिया। समाजवादी पार्टी के अब्दुल गफूर ने रामपुर मनिहारान के बूथ 39 व 40 को पैरामाउंट कॉलोनी मवीकलां से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कांशीराम कॉलोनी में परिवर्तित करने का सुझाव दिया। एडीएम ने इन सुझावों का संबंधित उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता राघव, एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव, तहसीलदार नकुड़ राधेश्याम शर्मा, तहसीलदार बेहट प्रकाश सिंह, तहसीलदार देवबंद तपन मिश्रा, तहसीलदार सदर विपिन कुमार द्विवेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरि कृष्ण शर्मा, भाजपा के जिला मंत्री संजय सिंह राणा, बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद, रामचंद्र, राव दाऊद, राव कैसर सलीम, आकिल फारूक, ऋषिपाल सैनी आदि मौजूद रहे।