सहारनपुर। ऑपरेशन व्हाइट पाउडर चलने के बाद कई पुलिसकर्मी एसएसपी की रडार पर आ गए हैं, जिन पर कार्रवाई होना भी लगभग तय है। अब एसएसपी विपिन ताडा ने ऐसे पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसने के निर्देश जारी किए हैं कि जो सादे कपड़ों में दबिश डालते हैं। एसएसपी के निर्देश के अनुसार सादे कपड़ों में बिना राजपत्रित अधिकारी के अनुमति के कोई पुलिसकर्मी कार्रवाई करने या फिर दबिश डालने नहीं जाएगा।
दरअसल, दो सप्ताह से ऑपरेशन व्हाइट पाउडर चल रहा है, जो एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर शुरू हुआ था। इसके तहत 50 से अधिक मादक पदार्थ तस्करों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी की ओर से एक फोन नंबर भी जारी किया गया था, जिसमें मादक पदार्थों तस्करों के बारे में जानकारी देने की लोगों से अपील की थी। करीब 100 मादक पदार्थों के तस्करों के नाम पुलिस को मिले। इसके साथ ही लोगों ने कई ऐसे पुलिसकर्मियों की शिकायतें भी की हैं, जो मादक पदार्थ तस्करों को संरक्षण दे रहे थे।
एसएसपी ने इन पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर ली है, जिनकी रिपोर्ट भी शासन को भेजी जा रही है। इनके खिलाफ एसएसपी कड़ी कार्रवाई कराने की तैयारी में हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसने के लिए अब एसएसपी ने थाना पुलिस के लिए निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि थाने पर तैनात कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में नहीं रहेगा। सादे कपड़ों में कार्रवाई के लिए भी कोई पुलिसकर्मी नहीं जाएगा। कार्रवाई से पूर्व बाकायदा पुलिसकर्मियों को राजपत्रित अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद सादे कपड़ों में दबिश डालने की अनुमति मिलेगी।
पहले भी हुए थे निलंबित
एक वर्ष पूर्व कोतवाली देहात के तत्कालीन इंस्पेक्टर सहित पांच कांस्टेबल निलंबित किए गए थे, जिन पर आरोप था कि, इन्होंने एक दवा कारोबारी को अवैध रूप से जवाहर पार्क में लिए एक कमरे में हिरासत में रखा था। इन्होंने नशीली दवाएं बेचने के नाम पर दवा कारोबारी से अवैध वसूली की। तब, एसएसपी आकाश तोमर ने कार्रवाई की थी।
------------
वर्जन:-
सादे कपड़ों में कार्रवाई पर जाने के लिए थाना पुलिसकर्मियों को राजपत्रित अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इसके लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें अगर किसी ने लापरवाही बरती तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।-------डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी