मिशन शक्ति कार्यक्रम के लिए नाव से नदी पार करती पुलिस।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। मिशन शक्ति के लिए पुलिस को कितनी मशक्कत करनी पड़ रही है। गांव में पहुंचने के लिए पुलिस को नाव का सहारा तक लेना पड़ रहा है।
थाना चिलकाना के गांव गाजदीनपुर तथा सोंधेबांस यमुना नदी के दूसरी तरफ हरियाणा की ओर हैं। इन गांवों में बरसात के दिनों में पहुंचना बहुत कठिन है। बरसात के छ महीनों तक यमुना नदी पार करने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता है। शुक्रवार को गांव गाजदीनपुर में मिशन शक्ति पर आयोजित गोष्ठी में महिला पुलिस कर्मियों सहित जाना था। थाना प्रभारी राजेश भारती, एसआई खूब सिंह सभी महिला पुलिस कर्मियों के साथ नाव में बाईक रख कर नदी पार कर गांव में पहुंचे तथा ग्रामीण महिलाओं को मिशन के बारे में बताया। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव में जाना जरूरी था। इसलिए नाव का सहारा लेना पड़ा। गौरतलब है कि यमुना नदी पार इन गांवों में बरसात के दिनों में आने जाने के लिए आम आदमी के साथ पुलिस को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नदी में ज्यादा पानी आने पर इन गांवों के लोगों को हरियाणा की तरफ से 60 किमी दूरी तय करके आना जाना पड़ता है।