सहारनपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए जनपद में 46 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर दो दिन में 90,432 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यानी दोनों दिन 45-45 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। खास बात यह है कि परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले अभ्यर्थियों को केंद्राें में एंट्री दी जाएगी, जबकि ड्यूटी में लगे स्टाफ को तीन घंटे पहले बुलाया गया है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसके लिए 8:30 बजे से पहले अभ्यर्थियों को एंट्री दे दी जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को चाहिए कि वह 8:30 से पहले हर हाल में केंद्रों पर पहुंच जाएं, जिससे एंट्री करने में परेशानी न हो। दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसमें भी अभ्यर्थियों को प्रवेश डेढ़ घंटा पहले ही दे दिया जाएगा। प्रत्येक पाली में करीब 22,500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों पर तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई। प्रत्येक केंद्र पर जैमर लगाया जा रहा है, जिससे की मोबाइल नेटवर्क शून्य रहे और किसी प्रकार की सूचनाओं का अदान प्रदान न हो। केंद्रों के आसपास की फोटो स्टेट आदि की सभी दुकानें बंद रहेंगी। अभ्यर्थी मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, पेजर, कोई ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य प्रतिबंधित सामग्री केेंद्र के भीतर नहीं ले जा सकेंगे। इसी तरह की व्यवस्था दूसरे दिन रविवार को भी रहेगी।
पुलिस भर्ती परीक्षा नकलविहीन, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए के केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के दिनों अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
- डॉ. दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी