सहारनपुर। होली पर्व को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। जिले में संवेदनशील और अति संवदेनशील इलाकों को चिह्नित किए गए हैं। इसके साथ ही शरारती तत्वों को भी मुचलकों में पाबंद किया जा रहा है।
जिले में होलिका दहन स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा फाग वाले दिन महानगर सहित देहात क्षेत्रों के सभी मुख्य मार्गों और चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही गश्त को भी बढ़ाया जाएगा। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगे। जिले में पुलिस ने 52 संवदेनशील और 32 अति संवदेनशील मिश्रित आबादी वाले इलाके चिह्नित किए हैं। इसके अलावा उन जगहों पर ज्यादा एहतियात बरती जाएगी, जहां पर पिछले कुछ वर्षों में होली पर आपराधिक घटनाएं हुई हैं। पुलिस के अलावा पीएसी बल को भी तैनात किया जाएगा।
वहीं, जनपद के सभी 21 थानों में शरारती तत्वों को चिह्नित कर मुचलकों में पाबंद किया जा रहा है। इसको लेकर पिछले दिनों सहारनपुर दौरे पर आए एडीजी राजीव सभरवाल ने भी पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए थे। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा का कहना है कि होली पर्व सकुशल संपन्न कराने को पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शरारती तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके साथ ही जेल से छूटकर आए अपराधियों पर भी नजर रखी जा रही है। खुफिया विभाग को भी सक्रिय किया गया है। जनपद के समस्त सीओ और थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।