देवबंद में जुमा की नमाज के मद्देनजर पुलिस बल के साथ दारुल उलूम मार्ग पर एसपी देहात सागर जैन। सं
देवबंद। फलस्तीन और इजराइल के बीच जारी जंग को लेकर जुमा की नमाज के बाद किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की संभावना के मद्देनजर नगर की प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। एसपी देहात सागर जैन नगर में कैंप किए रहे।
खुफिया विभाग की और से यह इनपुट दिया गया था की फलस्तीन-इजराइल के मध्य जारी युद्ध को लेकर जुमा की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन हो सकता है। जिसके चलते एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम अंकुर वर्मा और सीओ अशोक सिसौदिया ने पुलिस टीम के साथ नगर में गश्त किया, साथ ही खानकाह पुलिस चौकी पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाई रखी। वहीं, प्रसिद्ध मस्जिद रशीदिया, दारुल उलूम चौक, जामा मस्जिद, किला मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। इंस्पेक्टर सूबे सिंह फोर्स के साथ गश्त करते रहे। जुमा की नमाज के बाद लोग शांतिपूर्वक घरों को गए तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।