- 19 दिन पहले बाइक सवार दंपती से नानौता में की थी वारदात
- तमंचे, कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर/नानौता। थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद नानौता में 19 दिन पूर्व बाइक सवार दंपती से लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पकड़ा है। उनके पास से तीन तमंचे, पांच कारतूस व एक खोखा सहित चोरी की बाइक बरामद की है।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि सोमवार को थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर रोड पर गंग नहर पुल के पास चेकिंग अभियान चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सामने से आ रहे बाइक सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। इसके चलते पुलिस ने अपना बचाव करते हुए घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अजय उर्फ जीत पुत्र रामपाल, सोनू पुत्र राजपाल निवासी जसाना मस्तगढ़ थाना थानाभवन शामली व सागर वर्मा पुत्र कंवरपाल निवासी निकट कोशम्भी स्कूल गली नंबर एक दयानंद नगर थाना कोतवाली शामली के रूप में हुई। आरोपियों के पास से पुलिस द्वारा तीन तमंचे 315 बोर, पांच कारतूस व एक खोखा, तीन हजार रुपये की नकदी, एक आधार कार्ड, एक लेडीज पर्स व चोरी एक बाइक बरामद की।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा 18 अगस्त को राहुल सैनी पुत्र राकेश सैनी निवासी ग्राम रसीदगढ़ थाना थानाभवन जिला शामली व उसकी पत्नी के साथ छीना झपटी करते हुए उसकी पत्नी का पर छीन लिया था। बताया कि बदमाशों द्वारा लूट की घटना में प्रयोग की गई बाइक भी दिल्ली से चोरी की गई है। बदमाश अजय उर्फ जीता पर शामली में एक, नानौता थाने पर दो, सागर वर्मा पर शामली में दो, नानौता में तीन तथा सोनू पर नानौता थाने पर दो मुकदमे दर्ज हैं।