गंगोह में मुस्कान का जन्मदिन मनाते पुलिसकर्मी और परिजन
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एमबीबीएस छात्रा के घर पहुंच केक देते हुए उसका जन्मदिन सेलीब्रेट किया। गंगोह के मुहल्ला निवासी मुस्कान गोयल मुलाना मेडिकल कॉलेज, हरियाणा से एमबीबीएस कर रही है। उसका 12 मई को जन्मदिन था। दो दिन पूर्व उसके जन्मदिन में शामिल होने के लिए गंगोह पहुंचने की अनुमति देने के लिए चंडीगढ़ से उसकी दोस्त और सहपाठी तन्वी पटवारी ने कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह को फोन किया । इस पर कोतवाली प्रभारी ने असमर्थता जताते हुए तन्वी को भरोसा दिलाया कि वे उसकी तरफ से उसकी दोस्त का जन्मदिन सेलीब्रेट करेंगे। बुधवार को कोतवाली प्रभारी ने फोन करके मुस्कान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और पुलिसकर्मियों के माध्यम से उसके घर केक भिजवाया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मुस्कान ने केक काटा और जन्मदिन सेलीब्रेट करने के लिए गंगोह पुलिस का आभार जताया। मुस्कान के जन्मदिन में इस दौरान वीडियो काल के माध्यम से तन्वी पटवारी भी शामिल रही।