सहारनपुर। होली को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले भर में आज दुल्हेंडी मनेंगी और रंगों की होली खेली जाएगी। इसको लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर बैरीकेडिंग लगाकर चेकिंग की जाएगी। पुलिस के अलावा दो कंपनी आईटीबी, दो कंपनी सीआरपीएफ, दो कंपनी पीएसी तैनात रहेंगी। हुडदंग मचाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
सोमवार को दुल्हेंडी को लेकर सुबह से छह बजे से ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे। प्रत्येक थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करते रहेंगे। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की चेकिंग की जाएगी। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
वहीं, दुल्हेंडी की पूर्व संध्या पर एसपी देहात सागर जैन ने देहात क्षेत्रों और एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने सिटी सर्किल में पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवानों के साथ पैदल गश्त भी की। वहीं, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जनपद के सभी 21 थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा कि अगर किसी ने लापरवाही बरती तो कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाके और 76 गांव चिह्नित
पुलिस ने दुल्हेड़ी को लेकर जिले भर में 44 संवदेनशील और 31 अति संवेदनशील इलाके चिहिंत किए हैं। इसके अलावा 76 गांव ऐसे हैं, जहां पर पुलिस को आशंका है कि यहां कुछ लोग माहौल खराब कर सकते हैं। इन सभी जगहों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
महानगर और देहात क्षेत्रों के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा महानगर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। पुलिस की 21 वैन अपने-अपने थाना क्षेत्र में गश्त करती रहेंगी।
खुफिया विभाग भी सतर्क
खुफिया विभाग भी सतर्क रहेगा, जो पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों को देगा। संवदेनशील और अति संवदेनशील इलाकों व गांव में खुफिया विभाग की टीमें मौजूद रहेंगी।
दुल्हेंडी को लेकर पूरे जिले सुरक्षा कड़ी रहेगी। हुड़दंगियों पर कार्रवाई की जाएगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्ती से निपटा जाएगा। -डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी