पद्मश्री सेठपाल सिंह को प्रधानमंत्री आज देंगे एनजी रंगा पुरस्कार
सहारनपुर। जनपद के प्रगतिशील किसान और पद्मश्री से सम्मानित सेठपाल सिंह को शनिवार यानि आज एनजी रंगा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। नई दिल्ली के पूसा संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उन्हें यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार कृषि विविधिकरण में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।
जनपद के गांव नंदी फिरोजपुर निवासी प्रगतिशील किसान सेठपाल सिंह खेती में नए प्रयोग करने के लिए जाने जाते हैं। वे जैविक खेती करने के साथ ही सहफसली कृषि भी करते हैं। इसके चलते उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्मश्री से सम्मानित किया है। उन्हें खेती में नए- नए प्रयोग करने के लिए पहले भी राष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्होंने न सिर्फ खेती में नई तकनीकी का प्रयोग किया बल्कि फसल चक्र के साथ ही कृषि विविधीकरण को भी अपनाया। वे तालाब की बजाय खेत में सिंघाड़ा उत्पादन कर बढ़िया मुनाफा कमाते हैं। इसके साथ ही वे कमल के फूल, कमल ककड़ी, मत्स्य पालन, पशुपालन, सब्जी एवं मशरूम की खेती भी करते हैं। उन्होंने सहफसली के क्षेत्र में भी नए प्रयोग किए। गन्ने की फसल के साथ सहफसली के तौर पर वे प्याज, सौंफ, आलू, सरसों, मसूर और हल्दी की बेहतरीन खेती करते हैं। पद्मश्री सेठपाल सिंह ने बताया कि वे एनजी रंगा पुरस्कार प्राप्त करने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्हें शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनजी रंगा पुरस्कार देंगे। इसमें एक लाख रुपये नकद और प्रशस्तिपत्र दिया जाएगा।