सहारनपुर। एकलव्य क्रीड़ा कोष से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक खिलाड़ी क्षेत्रीय खेल कार्यालय में अपना आवेदन कर सकते हैं।
क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि एकलव्य क्रीड़ा कोष खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन तथा संवर्धन नियमावली 2021 के तहत योजना से खेल उपकरण, आर्थिक सहायता, शारीरिक संवर्धन एवं डायटमनी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खेल संघों द्वारा आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता एवं फेलोशिप प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप पर अर्हता पूर्ण कर प्रदेशीय खेल संघ की संस्तुति के साथ खेल संघ सचिव से प्रमाणित कर डाॅ. आंबेडकर स्पोर्ट्स क्षेत्रीय खेल कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अपूर्ण आवेदन पत्र एवं प्रदेशीय खेल संघ की संस्तुति के बिना किसी भी खिलाड़ी का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।