बेहट। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कोतवाली बेहट क्षेत्र में शाकंभरी देवी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल है। पिकअप में 15- 20 महिला और बच्चे सवार थे।
हादसा बृहस्पतिवार की रात करीब 10:30 बजे बेहट व कलसिया के बीच हुआ। मेरठ के सरधना के चमारान निवासी मुकेश पुत्र भगीरथ अपने परिवार व मोहल्ले पड़ोस के महिलाओं और बच्चों के साथ पिकअप में शाम सात बजे सरधना से शाकंभरी देवी के लिए चले थे। बेहट व कलसिया के बीच चालक पिकअप के ऊपर से अपना नियंत्रण खो बैठा। पिकअप सड़क पर आड़ी तिरछी होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में मुकेश (50) पुत्र भगीरथ की पिकअप की बराबर साइड में सिर लगने से मौत हो गई, जबकि अक्षित (11) पुत्र जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप में सवार महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। ट्रक को उसका चालक लेकर फरार हो गया। श्रद्धालु मृतक मुकेश और घायल बच्चे को लेकर बेहट सीएचसी पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अक्षित को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
-
पिकअप चालक नशे में था, इसलिए हुआ हादसा
पिकअप में सवार महिला श्रद्धालु रानी ने बताया, कि पिकअप चालक नशे में था। वे शाम सात बजे सरधना से चले थे। महिला ने बताया कि चालक ने सरधना से ही शराब पीनी शुरू कर दी थी। कलसिया से पहुंचने पर चालक की हालत यह थी, कि कभी गाड़ी सड़क के उस किनारे और कभी दूसरे किनारे। उन्होंने पीछे बैठे हुए खूब शोर मचाया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।