सहारनपुर। जिले में एक थाने के कार्यवाहक इंचार्ज को शाम के समय नशे में झूमते देख लोग हैरत में पड़ गए। सूचना पर पहुंचे संबंधित क्षेत्राधिकारी ने दरोगा को चिकित्सा परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दरोगा की तबीयत खराब थी। फिर भी पूरे मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
दरअसल, शाम के समय कस्बे के लोग उस समय हैरत में पड़ गए जब उन्होंने कार्यवाहक थाना प्रभारी दरोगा को सड़क किनारे नशे की हालत में देखा। दरोगा के साथ एक पुलिसकर्मी भी था। बताया जाता है कि दोनों को कोई कार सवार छोड़कर गया था। इसके बाद जब वह पैदल थाने की तरफ चले तो दरोगा लड़खड़ा गए। उन्हें पास में खड़ी बस का सहारा लेना पड़ा। यह नजारा देख रहे दुकानदारों में से किसी ने थाने में इसकी सूचना दी। इसके बाद थाने से जीप लेकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
वह दरोगा को अपने साथ लेकर थाने चले गए। इसी दौरान किसी ने संबंधित क्षेत्राधिकारी को इस मामले की सूचना दे दी। क्षेत्राधिकारी थाने पहुंचे। उन्होंने दरोगा का चिकित्सीय परीक्षण करने के लिए उसे नानौता अस्पताल भिजवाया। वहीं, एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि दरोगा की तबीयत खराब बताई गई थी। फिलहाल मेडिकल कराया गया है। पूरे मामले की जांच सीओ को दी गई है।