-गर्मी में ओवरलोड से हांफ रहे शहर से लेकर गांव तक के फीडर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ रही है। ऐसे में शहर से लेकर गांव तक के फीडर ओवरलोड से हांफ रहे हैं। दिन में बढ़ती गर्मी और ओवरलोड की वजह से कटौती व ट्रिपिंग हो रही है। आलम यह है कि हर दो से तीन घंटे में ट्रिपिंग हो रही। इससे नागरिक परेशान हैं।
विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा जिले की करीब 40 लाख की आबादी भुगत रही है। न तो जिम्मेदार ओवरलोड को खत्म कर पा रहे हैं और न ही लाइन लॉस की समस्या कम कर पा रहे हैं। इसके चलते गर्मी होने से ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ रहा है और ये जल रहे हैं।
इसके बावजूद विभागीय अधिकारी ओवरलोड बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। इससे बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों में है। देवबंद, बड़गांव, नानौता, गंगोह, तीतरो में तो बिजली आने व जाने का कोई शेड्यूल ही नहीं है। बिजली कब आई और कब चली गई लोगों को पता नहीं चलता। शहर की बात करें तो शनिवार रात नवादा रोड, वेद विहार, खलासी लाइन, ओजपुरा, लिंक रोड, आवास विकास में बिजली ट्रिपिंग होती रही।
उधर, अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि शहर में शेड्यूल के अनुसार ही बिजली आपूर्ति हो रही है। अगर कहीं पर लोकल फाल्ट की समस्या आती है तो बिजली बाधित रहती है।