सहारनपुर। गर्मी तेज होते ही बिजली का संकट बढ़ता जा रहा है। दिन-रात अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शहर से लेकर गांव तक यह समस्या जारी है। लोकल फॉल्ट के कारण यह कटौती और बढ़ जाती है। शाम को तेज हवा चलने से बिजली आपूर्ति और अधिक चरमराई। उधर गंगोह के रंधेडी बिजलीघर पर ग्रामीणों ने बिजली कटौती के खिलाफ हंगामा किया।
जिले में 6.50 लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ता हैं। इनको बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं मिल रही हैं। बार-बार बिजली जाने से जहां बिजली उपकरण खराब हो रहे हैैं, वहीं गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो रहा है। दिन की भीषण गर्मी किसी तरह कट जाती है, लेकिन रात की कटौती लोगों को रुला रही है, जिससे लोग पूरी नींद भी नहीं सो पा रहे। लो-वोल्टेज की समस्या से कूलर-पंखे क्षमता से हवा नहीं दे रहे हैं।
शनिवार को स्मार्ट सिटी का कार्य होने से अंबाला रोड पर 33/11 बिजली उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे का शटडाउन रहा। जिसकी वजह से कमेला कालोनी, दाउद सराय, पुरानी, पटेल नगर, गुरुद्वारा रोड, ढोलीखाल आदि काॅलोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इनके अलावा आवास विकास, खलासी लाइन, वेद विहार, प्रद्युमन नगर, विजय कालोनी, झंडा चौक, पुराना आवास विकास, चंद्र नगर, नवीन नगर सहित अन्य कालोनियों में हर एक घंटे में पांच से दस बार ट्रिपिंग होती रही। यहीं नहीं, शाम पांच बजे मौसम बदला और तेज हवा चली। इसके चलते बिजलीघरों से बिजली बंद कर दी गई। घंटों तक बिजली नहीं आने से भी लोग परेशान रहे।
कंट्रोल रूम में रोजाना 20 से 25 आ रही शिकायतें
दिल्ली रोड स्थित विद्युत निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित है। यहां रोजाना 20 से 25 शिकायतें आ रही हैं। इनमें अधिकांश शिकायतें बार-बार बिजली जाने और लो-वोल्टेज की हैं। कंट्रोल रूम से संबंधित बिजलीघर को फोन उपभोक्ताओं की समस्या से अवगत कराया जाता है।
गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गए हैं। उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार ही इसके प्रयास किए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर फाल्ट होने या अन्य काम होने के चलते ही शटडाउन लिया जाता है।
- संजीव कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम