पोस्टर लेकर न्याय की गुहार को थाने पहुंचे एनसीआर के लोग
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। दिल्ली, एनसीआर के लोगों ने जमीन खरीद के मामले में सोसायटी संचालकों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को बिहारीगढ़ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। इन्होंने अपने हाथों में पोस्टर ले रखे थे, जिनमें न्याय दिलाने की मांग की गई थी। थानाध्यक्ष ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत किया।
दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, उत्तराखंड के कई शहरों के लगभग डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों ने बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर में देहरादून हाईवे के समीप एक सोसायटी में आवासीय प्लाट खरीदे थे। शुक्रवार को बीस से ज्यादा लोग अपने हाथों में पोस्टर लेकर थाने पहुंचे और उन्होंने अपने साथ ठगी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि उन्होंने सोसायटी में 5-6 साल पहले जो प्लाट खरीदे थे। उन पर उन्हें कब्जा नहीं दिया जा रहा है। उनके पास जमीन का बैनामा है बावजूद इसके जिस कंपनी ने उन्हें प्लाट बिक्री किए थे, वह अब उन प्लाटों को दूसरे लोगों को बेच रही है। पहले सोसाइटी के रास्ते 30 से 40 फुट चौड़े बताए गए थे जिन्हें अब आधे कर दिया गया है। उन्हें उनके प्लाट पर निर्माण करने से भी रोका जा रहा है। विरोध करने पर तरह तरह की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी उम्र भर की मेहनत की कमाई का सारा धन प्लाट खरीदने में खर्च हो गया। नवागत थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे। प्रदर्शनकारियों में जितेंद्र कुमार चौहान, सत्येंद्र कुमार, बाला देवी, कमल पाठक, विष्णु, हरीश रावत, नवीन रत्न, सरोज देवी, आकाश बंगवाल, हेमंत गौड़, आरबी शर्मा, उमेश पाल, अमित कुमार आदि शामिल रहे।
थानाध्यक्ष से बात करते धोखाधड़ी का शिकार हुए लोग- फोटो : SAHARANPUR