डीएम कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन तोमर के किसान
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ब्याज सहित जल्द बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने सहित अन्य मांगों को लेकर भाकियू (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मवी खुर्द गांव में 100 किलोवाट के ट्रांसफार्मर को बदलकर 250 किलोवाट का रखवाने की मांग भी की।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम मोहम्मदपुर बहलोलपुर में रास्ते पर किए गए अवैध कब्जे को तत्काल हटवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस्माइलपुर ग्राम पंचायत के गांव मनोहरपुर में सर्विस रोड के अधूरे काम को पूरा कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश में हाईवे का पानी गांव में आ रहा है। जिससे गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने इस समस्या के निस्तारण के लिए गांव में नाले का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गांव रसूलपुर का पंचायत घर हाईवे में चला गया है, इसका उचित मुआवजा दिलाया जाए। जिससे पंचायत घर का निर्माण दूसरे स्थान पर कराया जा सके। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिलशाद मलिक, जिलाध्यक्ष अभिषेक कांबोज, प्रवीण कांबोज, विरेंद्र सिंह, राजू कश्यप, जनक राठौर, सतपाल, सूबे सिंह, मो. साजिद, अब्दुल रहमान, चरण सिंह आदि मौजूद रहे।